एडीबी की मदद से 7 स्टेट हाइवे को चौड़ा किया जाएगा
पटना
बिहार की प्रमुख सात सड़कों का कायाकल्प होगा। कुल 311 किलोमीटर लंबी इन सातों सड़कों के चौड़ीकरण व जीर्णोद्धार के लिए एशियन डेवलमेंट बैंक (एडीबी) पैसा देने पर सहमत हो गया है। बिहार सरकार और एडीबी के बीच सैद्धांतिक सहमति बन गई है और जल्द ही प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के आसार हैं। पैसा मिलते ही बिहार राज्य पथ विकास निगम इन सड़कों पर काम शुरू कर देगा। एडीबी से पैसा लेने का मामला लंबे समय से अधर में था।
दरअसल, मौजूदा समय में इन सड़कों की स्थिति जीर्ण-शीर्ण है। कुछ सड़कें सिंगल हैं तो कुछ टूटी-फूटी। इन पर बढ़ते ट्रैफिक और जाम की समस्या को देखते हुए बिहार राज्य पथ विकास निगम ने इन सड़कों को स्टेट हाईवे का दर्जा देते हुए टू लेन करने का निर्णय लिया, लेकिन निर्माण राशि की समस्या आ गई। तब निगम ने एडीबी से पैसा लेने की कोशिश शुरू की। पैसा लेने को लेकर एडीबी और पथ विकास निगम के बीच लंबी बातचीत चली। आखिरकार एडीबी ने निगम को पैसा देने पर सहमति दे दी है। पैसा जारी करने का पत्र एक-दो दिनों में कभी भी जारी हो सकता है।
इन जिलों को लाभ
इन सड़कों के निर्माण होने से राज्य के भभुआ, सहरसा, कटिहार, गया, औरंगाबाद, पूर्वी चम्पारण, पश्चिम चम्पारण आदि जिलों के लोगों को सीधा लाभ होगा। सिंगल व टूटी-फूटी सड़कों के कारण अभी यहां से गुजरने में लोगों को परेशानी हो रही है। जाम की भी समस्या है। मिनटों की दूरी घंटों में तय हो रही है। सड़क खराब होने के कारण सड़क दुर्घटनाएं भी बढ़ गई हैं। ऐसे में इन सड़कों के निर्माण से सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।

पाठको की राय